मंगलवार, 22 जुलाई 2014

सतत संवाद कार्यशाला : एक अनूठा प्रयोग

सतत संवाद कार्यशाला : एक अनूठा प्रयोग

 

एक रपट :-

 

नॅशनल बुक ट्रस्ट, नई दिल्ली और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के सौजन्य से आयोजित {१९-२० जुलाई २०१४} इस कार्यशाला में भावी पीढ़ी के साथ साहित्यकारों का सानिध्य अद्भुत रहा | इसमें बाल साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर तथा बच्चों के मनोविज्ञान को साहित्यिक शिखर पर विराजमान कराने वाले दादा {यहाँ के बच्चों में प्रिय} प्रकाश मनु, सुपरिचित कथाकार श्रीमती गीताश्री, श्री गिरीश पंकाज, श्री जय प्रकाश मानस, डा.सुधीर शर्मा तथा नेशनल बुसतत संवाद कार्यशाला क ट्रस्ट के संपादक एवं पुस्तक उन्नयन के छतीसगढ प्रभारी लेखक लालित्य ललित जी की बच्चों के साथ उपस्थिति ने नया एहसास दिलाया | जब बड़े-बड़े लेखकों के साथ बच्चे मिलते हैं तो, उनकी भंगिमाएं तथा वाद-विवाद की शैली सामान्य से सामान्य पाठक को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त है | हमारा यह दुर्भाग्य रहा कि-मैं इस कार्यक्रम में दूसरे दिन शामिल हो सका उस समय कार्यक्रम का सचालन स्वयं ललित जी कर रहे थे |
छात्र-शिक्षकों-अभिभावकों से भरा सभागार पूर्णतः साहित्य के रस में सराबोर था , ठीक ऐसे ही समय मेरी उपस्थिति ने हमारे अंदर बैठे कल्पित भावों को खूब जोर से झकझोरा और मैं उस समय अपना उद्बोधन देती गीता श्री जी को सुनकर भावविभोर हो गया | उनका एक ही वाक्य-कविताएं सदियों को जोडती हैं- ने मन के न जाने कितने अंतर्विरोधों को स्वतः समाप्त करने के लिए पर्याप्त था क्योंकि कविताएँ परम्पराओं और आधुनिकता के सामंजस्य से नवीन भावों का संचार करती हैं | उन्होंने नवांकुर साहित्य मनीषियों में काव्य रस को उडेलकर कविता की जो नयी पृष्ठभूमि स्थापित की, वह काबिलेतारीफ रही |
छात्रों से सतत संवाद स्थापित करते हुए जय प्रकाशा मांस जी ने कहा कि-जब कोई लेखक रचनाकर्म में प्रवृत्त होता है, तो उसका लेखन सायास नहीं होता अपितु उसमें अनुभव अपेक्षित होता है | अतः जब हम गाँव में जाते हैं या किसी ऐसे गाँव की कल्पना करते हैं, जहां कोई पोस्ट आफिस नहीं हो, जहाँ मूलभूत सुविधाओं का अभाव हो और वहाँ लोक में निवास करने वाले लोग पीड़ा को भी खुशी-खुशी पीते हों, तो उस गाँव का चित्र भाव और कल्पना से समृद्ध होकर कथा-काव्य के रूप में हमारे सामने उपस्थित होता है | ऐसे परिदृश्य में रचित साहित्य में इतनी क्षमता होती है कि वह सर्वस्व को अंगीकृत करके अपने उद्देश्य को प्राप्त करने में पूर्णतः सफल होती है | इसके अलावा मानस जी ने स्वयं की कहानी के माध्यम से छात्रों को लेखन के प्रति प्रोत्साहित किया |
भारत की आत्मा गाँवों में निवास करती है लेकिन उन आत्माओं को पुनर्जीवन प्रदान करने का सबसे बड़ा उत्तरदायित्व हमारे बच्च्चों पर ही है | यही कारण था कि- डा. सुधीर शर्मा जी ने कहा कि-हम चाहें कितने ही वसंत पार कर लें, हमारा बचपना नहीं जाता | उम्र की दहलीज पर हम गर्व करते हुए अनायास ही उपरी आवरण ओढकर युवा, प्रौढ़, वृद्ध कहलाएं लेकिन मन को आत्मिक शक्ति बाल-सुलभ चंचल व्यवहार से ही प्राप्त होती है |(कुछ शब्द हमारे हैं..भाव उनके) लेकिन आज हमारे समाज में नटखट बच्चों का बचपना छिना जा रहा है | यदि आज ९-१० माह के बच्चों को देखा जाय, तो वह विज्ञापन को देखकर रोता है, हँसता है, दूध पीता है | यहाँ तक कि-वह आधुनिक युग के अभिमन्यु की भाँति माँ के गर्भ से ही विज्ञापनों का आशिक बककर जन्म लेता है | अतः लोगों में परिवर्तन बचपन से ही दिखने लगता है, क्योंकि कहा गया है-होनहार बिरवान के होत चिकने पात | यहाँ तक कि-बचपन से बुढापा तक चाँद को देखने, सोचने और समझने का नजरिया भी अलग-अलग हो जाता है | जो चाँद बच्चों के लिए मामा हुआ करता था युवा पूर्व चंदू चाचा बनता है और युवा काल में “मुस्काता चाँद जो धरती पर’(मुक्तिबोध) बनकर प्रेमिका के मुख का दर्शन करता है |
कार्यशाला के केन्द्र में बाल साहित्य के पुरोधा बच्चों के प्रिय प्रकाश मनु जी को सुनना अविस्मारीय रहा | उनकी वाणी में वह मीठास थी, जो ध्वनि तरंगों के माध्यम से सभागार में उपस्थित दर्शक दीर्घा को झंकृत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी | बकौल मनु जी-आज बहुत सारी बातें कहने का मन है | मैंने बहुत सारे बच्चों का संस्मरण पढ़ा, जिसे जज करना मुश्किल है | इसी समय उन्होंने “पिंटू“ नामक कहानी का पाठ किया | यह कहानी हमें अंदर तक झकझोर दी | इस कहानी का पात्र(बच्चा) एक जूता चोर है, उसे जूता चुराने और उसे पहनकर दिखाने की मजबूरी है लेकिन “कमालपुर के धमाल पम्पाल” को उपस्थित कराकर लेखक ने न केवल पिंटू का ह्रदय परिवर्तित कराया अपितु गरीब-असहाय बच्चों के साथ ही भारत की समस्त सेना(बच्चों) को नैतिकता का पाठ पढ़ाया | कहानी की पहली और अंतिम अनिवार्यता है-कहने की कला | एक मंजे हुए कलाकार की भाँति उन्होंने ऐसी सरलतापूर्वक कथ्य को फेंट दिया कि-यह अंतर करना मुश्किल लग रहा था कि-मनु जी हैं कि साक्षात पिंटू मंच पर कहानी पाठ कर रहा है | प्रतीत हो रहा था कि-वह स्वयं पिंटू के रूप में कभी अमीर के घर पंहुंच जाते हैं कभी वह नया जूता पहनकर गाँव के बच्चों के आगे-आगे दौड़ते हैं तो कभी किसान बनकर पिंटू से संवाद करते हैं और स्वयं धमाल पम्पाल के रूप में ईश्वर बनकर पिंटू को प्रायश्चित कराते हैं | ऐसा लगा जैसे प्रेमचन्द और समकालीन कहानीकारों को फेंटकर एक ऐसा रस तैयार किया गया हैं, जिसे पीकर एक छोटा सा बच्चा भी अमर हो जाय और बड़ा-बूढा भी | साथ ही उत्कृष्ट बाल कविता पर भी कहना न भूले कि-अच्छी बाल कविता वह है, जिसे पढकर या सुनकर दिल की कली खिल जाय | बाल साहित्य की कसौटी इस बात में निहित है कि-जब हम किसी बालक की एक पंक्ति पढ़ें तो हमारे अंदर ऐसी उत्सुकता जग जाय कि-पूरी रचना पढ़े बिना न रह जाय | यह अद्वितीयता है | लेखक जब कहता है तो यह अद्वितीयता आ जाती है | अतः इसे ही लेखन में अनूठापन कहते है, जो लेखंक की अनिवार्य शर्त है तभी रचना अनोखी होती है |
वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज जी से मिलना और उन्हें सुनना भी एक उपलब्धि रही | उन्हें अपने जीवन में बीते पल का स्मरण करते हुए अपने वक्तव्य से छात्रों में नवीन चेतना का संचार किया | इसके साथ ही दो दिवसीय कार्यशाला में समूहवार चयनित कविता-कहानी-यात्रा वृतांत-संस्मरण-रिपोर्ताज का स्वयं साहित्यकारों ने वाचन किया तथा चयनित छात्रों को भी मौक़ा दिया | इसी में गीताश्री जी यह कहने में तनिक भी नहीं हिचकिचाई कि-कंक्रीट के जंगल में कोयल की आवाज सुनने को हम तरस गए हैं | वहीं आज कोयल पर लिखी कविता भावनाओं को झकझोरने वाली रही और लुप्त होती यात्रा साहित्य की विधा पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्रा की रचना को पढकर इसे नया जीवन मिलने की उम्मीद भी जतायी एवं कहा कि-यात्रा पर निकलते हुए एक लेखक का प्रकृति को देखने का नजरिया बदल जाता है, उस समय हम पहाड-झरनों-पेड़-पौधों को एक पर्यटक की नजर से नहीं अपितु उस समय हम एक यात्री बनकर स्वयं रचना करते हैं यही यात्रा वृत्तांत होता है |
ललित जी का “आत्मदीपोभवः”, अमिताभ के कालेज में पढ़ने वाली बात और अपने बचपन को याद करते हुए सुखद पलों को भूलने का साहस कैसे जुटा सकता |
अंततः हमने भी थोडा समय उधार लिया और कहा कि-यह एक ऐसा कार्यक्रम था, जो न केवल छात्तीसगढ़ अपितु सम्पूर्ण भारतवर्ष में विशिष्ट रहा | कुल मिलाकर यह कार्यक्रम सतत संवाद के बहाने हिन्दी साहित्य की नयी पौध को खाद-पानी देने तथा उसे जीवंत बनाने का सफलतम प्रयास रहा, जिसका प्रमाण बच्चों के हाव-भाव तथा स्वभाव में स्पष्टतः दृष्टिगोचर हुआ | अब तक के अधिकाँश साहित्यिक समारोहों की अंतिम कड़ी बहुत ही कम उत्साहवर्धक रहती है, जबकि यहाँ आद्योपांत सरसता बरकार रही | 
अतः पूरी टीम को साधुवाद 
21.07.14
‪#‎डॉ‬. मनजीत सिंह

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

बीस साल की सेवा और सामाजिक-शैक्षणिक सरोकार : एक विश्लेषण

बीस साल की सेवा और सामाजिक-शैक्षणिक सरोकार : एक विश्लेषण बेहतरीन पल : चिंतन, चुनौतियाँ, लक्ष्य एवं समाधान  (सरकारी सेवा के बीस साल) मनुष्य अ...